शास्त्रीनगर (बलकरनपुर) स्थित जनता इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्रा के साथ छेड़खानी के बाद बवाल हो गया। छेड़खानी करने वाले युवक को टीचर ने पीटा तो वह बाहर से अपराधी किस्म के युवकों को बुला लाया।
उन्होंने डंडों और लोहे की राड से टीचरों को जमकर पीटा और सीसीटीवी, फर्नीचर तोड़ डाला। पुलिस के पहुंचने पर उपद्रवी भाग निकले। इस मामले में सात युवकों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शास्त्रीनगर स्थित आदर्श जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को सीएचसी सोरांव द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कैंप लगाया गया था। वहां छात्र-छात्राओं की काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक युवक एक छात्रा से छेड़खानी कर दी।
छात्रा उस युवक पर चीखने चिल्लाने लगी। इसके बाद वहां अध्यापक पहुंचे और युवक को पीट दिया। युवक वहां से धमकी देता हुआ चला गया और कुछ देर बाद 15-20 युवकों के साथ वापस आया।
सभी लोग प्रशासनिक कक्ष में बैठे शिक्षक शिव बाबू पांडेय एवं श्रीनाथ कोरी के पास पहुंचे और हाथापाई करने लगे। दोनों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया तो युवकों ने लोहे की रॉड और डंडों से खिड़की तोड़ दी और दोनों अध्यापकों को जमकर पीटा।
उन्होंने सीसीटीवी, फर्नीचर आदि भी तोड़ डाला और वहां रखे तमाम कागजात फाड़ दिए। पुलिस ने दोनों घायल शिक्षकों को इलाज के लिए सोरांव सीएचसी भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल शिक्षक शिव बाबू पांडेय ने छह हजार रुपए नकदी छीनने का आरोप लगाते हुए सात नामजद समेत 10-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस मामले को लेकर प्रयागराज के एसपी एनके सिंह का कहना है कि स्कूल में एक स्वास्थ्य शिविर चल रहा था। जानबूझकर या अनजाने में कुछ लड़के, कुछ लड़कियों पर टूट पड़े। एक शिक्षक ने हस्तक्षेप किया और लड़कों को डांटा। इसके बाद, लड़कों ने अपने अभिभावकों को बुलाया, स्कूल में तोड़फोड़ की और शिक्षक की पिटाई की। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
Hooligans brutually beaten teachers in Soraon- फोटो : CITY DESK
Hooligans brutually beaten teachers in Soraon- फोटो : CITY DESK