। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उदयन सभागार में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विशिष्ट अतिथि एडीएम शालिनी प्रभाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य व पूर्व विधायक लाल बहादुर समेत कई अधिकारी व शिक्षाविद मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिले के 101 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अंगवस्त्र, तूलिका, दैनंदिनी और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की नव नियुक्त रसोइयों का स्वागत कर उन्हें साड़ी व नियुक्ति पत्र भेंट किए गए। इस दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी भी पहुंचे। उन्होंने निपुण कौशाम्बी का संकल्प याद दिलाया। साथ ही समारोह में माध्यमिक शिक्षा, समाज कल्याण और अल्पसंख्यक विभाग के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इसी दौरान माध्यमिकि शिक्षा विभाग के प्रधानाचार्य नीरज केशरी, लाल बहादुर मिश्र, अवधेश कुमार सिंह, डॉ. रामकिरण त्रिपाठी व कृषक इंटर कॉलेज के अंग्रेजी शिक्षक हिमांशु त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। संचालन एसआरजी डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने किया। इस मौके पर डीआईओएस राजेश कुमार व बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा समेत अन्य शिक्षा विभाग के कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।
शिक्षक दिवस पर अटेवा का उपवास, उठी पुरानी पेंशन बहाली की मांग
शिक्षक दिवस पर जहां जिलेभर में शिक्षकों का सम्मान हुआ, वहीं अटेवा मंच के बैनर तले शिक्षकों व कर्मचारियों ने उपवास रखकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. महेंद्र यादव और संचालन जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया। संयोजक कुशल सिंह ने कहा कि आगामी 25 नवंबर को दिल्ली में पेंशन अधिकार महारैली में भागीदारी का आह्वान किया। सिंचाई विभाग के कमलेश विश्वकर्मा ने आंदोलन को समर्थन दिया। राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के ओमदत्त त्रिपाठी और शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के रविंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने उपवास स्थल पर पहुंचकर लड्डू खिलाकर आंदोलनकारियों का उपवास तुड़वाया। साथ ही अटेवा टीम ने उन्हें ज्ञापन सौंपा और पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रधानमंत्री तक पत्र पहुंचाने की मांग दोहराई। इस मौके पर सभी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल नहीं होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
दिव्यांग व गरीब बच्चों संग मनाया शिक्षक दिवस
चलौली गांव में स्वागत चैरिटेबल ट्रस्ट ने शुक्रवार को शिक्षक दिवस विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 50 से अधिक दिव्यांग, अनाथ व गरीब बच्चों को लंच बॉक्स वितरित किए गए।
संचालक रामलोचन ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। ट्रस्ट संचालक दीपक सिंह ने कहा कि संगठन वंचित वर्गों की शिक्षा व सहायता के लिए निरंतर काम कर रहा है। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिक्षकों को सम्मानित किया। इस मौके पर अजीत सिंह, आरती पाल व अखिलेश त्रिपाठी समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
बबुरा प्राथमिक विद्यालय में बच्चों संग मनाया शिक्षक दिवस
प्राथमिक विद्यालय बबुरा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों व शिक्षकों ने मिलकर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और केक काटा। प्रधानाध्यापक सुनील कुमार व सहायक अध्यापक विपिन कुमार, तपस्या भारती और प्रियंका गुप्ता मौजूद रहे।