prayagraj news : कोरियरकर्मी की मदद करता होमगार्ड।
- फोटो : prayagraj
नियम-कानून अपनी जगह हैं लेकिन मानवता सबसे ऊपर है। ड्यूटी के दौरान एक राहगीर की मदद कर होमगार्ड जवान नानबाबू ने ऐसा ही संदेश दिया। घटना का वीडियो एडीजी जोन ने ट्वीट कर जवान की हौसलाआफजाई की तो तारीफों के ढेर लग गए। 24 घंटे के भीतर सैकडों लोगों ने इसे लाइक और रीट्वीट किया।
घटना बुधवार सुबह लोकसेवा आयोग चौराहे के पास की है। चौराहे पर होमगार्ड जवान नानबाबू ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक कोरियर कंपनी का डिलीवरीब्वॉय वहां से गुजरा। उसकी बाइक पर बहुत ज्यादा कोरियर पैकेट लदे थे और इसी दौरान पार्सल से भरी उसकी एक बोरी नीचे गिर पड़ी। फोर्स को देखकर वह हड़बड़ाहट में आगे बढ़ गया। इसी दौरान जवान दौडक़र पहुंचा और पार्सल भरी बोरी उठाकर बाइक पर रखने के बाद डिलीवरीब्वॉय को जाने के लिए कह दिया।
घटना के वक्त एडीजी जोन प्रेमप्रकाश भी वहीं से गुजर रहे थे जिन्होंने पूरा दृश्य अपने मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड किया और जवान की हौसलाआफजाई करते हुए इसे ट्वीट कर दिया। जिस पर सैकड़ों लोगों ने होमगार्ड जवान की तारीफ की। सभी का कहना था कि मानवता नियम-कानून से ऊपर है और होमगार्ड ने बिल्कुल ठीक किया। एडीजी जोन ने कमेंट करने वाले यूजरों को वीडियो जारी कर धन्यवाद दिया। साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में कार्यशाला या गोष्ठी के आयोजन की दशा में जवानों से अपील की जाएगी कि वह ड्यूटी के दौरान मानवीय संवेदनाओं का जरूर ध्यान रखें।