प्रयागराज। घरेलू वस्तुओं, मोबाइल तथा आटो पार्ट्स की ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। प्रशासन ने इन वस्तुओं की होम डिलेवरी की अनुमति दे दी है। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी के साथ मंगलवार को हुई बैठक में व्यापारियों ने होम डिलेवरी की अनुमति दिए जाने की मांग उठाई। इस पर सहमति के बाद एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इन वस्तुओं की सिर्फ होम डिलेवरी की अनुमति है। स्थाई तौर पर दुकानें नहीं खुलेंगी। इसके अलावा साइकिल मरम्मत की दुकानों को खोले जाने का भी एडीएम सिटी ने आदेश जारी किया। उन्होंने बताया कि दो और चार पहिया वाहनों के पंक्चन बनाने वाली दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। अशोक कुमार ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें ही खुलेंगी। अन्य पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी।