बांकेबिहारी मंदिर में होती पुष्पवर्षा
- फोटो : अमर उजाला
जिले के कई इलाकों में इस बार होली का त्योहार पैरामिलिट्री जवानों की निगहबानी में मनाया जाएगा। फिलहाल, इस फोर्स के जवानों की तैनाती मिश्रित आबादी वाले इलाकों में करने का निर्णय लिया गया है। त्योहार शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो, इसके मद्देनजर ऐसा किया जाएगा।
बता दें कि इस बार होली से पहले ही चुनाव आचार संहिता भी लग चुकी है। ऐसे में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। यही वजह है कि अफसरों ने इसके लिए मशक्कत शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि होली के वक्त मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने का निर्णय लिया गया है।
पूर्व में कुछ इलाकों में अप्रिय वारदातें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में यहां पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आदेश दिया गया है। हंडिया, फूलपुर, मऊआइमा, सोरांव के साथ ही शहर के करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज, कोतवाली पुलिस को कहा गया है कि वह अगले तीन दिनों तक रोजाना पैदल गश्त करें। साथ ही संदिग्धों पर नजर रखें।
कुछ थानों के प्रभारियों की ओर से अतिरिक्त फोर्स की भी मांग की गई थी। जिसके तहत वहां सीपीएमएफ (सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स) के जवानों की तैनाती करने का फैसला किया गया है। यह जवान त्योहार पर ड्यूटी तो करेंगे ही, इससे पहले पुलिस के साथ मिलकर पैदल गश्त भी करेंगे। एसएसपी अतुल शर्मा ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सीपीएमएफ की तैनाती की जाएगी।