सिमरन गुप्ता, अध्यक्ष हिंदू शक्तिदल।
- फोटो : अमर उजाला।
धर्मांतरण और फर्जी नियुक्तियों के लिए सुर्खियों में आई शुआट्स के राजनेता -अफसर गठजोड़ की उच्चस्तरीय जांच कराने के लिए शुक्रवार को आवाज उठाई गई। हिंदू शक्ति दल के अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित इस आशय का ज्ञापन सौंपा। इसमें विदेशी फंडिग के आधार पर धड़ल्ले से हो रहे धर्मांतरण को रोकने और जांच प्रक्रिया तेज किए जाने की बात प्रमुखता से उठाई गई है।
हिंदू शक्तिदल के अध्यक्ष सिमरन ने पुलिस कमिश्नर की गैर मौजूदगी में उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसमें शुआट्स को कर्मचारियों के वेतन मद में मिलने वाले 24 करोड़ रुपये सालाना अनुदान के अलावा फीस के रूप में प्राप्त होने वाले 85 करोड़ रुपये सालाना राजस्व के दुरुपयोग का भी मुद्दा उठाया गया है।
हिंदू शक्ति दल का आरोप है कि सैम हिग्गिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर टेक्नालॉजी एंड साइंसेज (शुआट्स) की आय का बड़ा भाग कुलपति आरबी लाल, उनके रिश्तेदारों और प्रियजनों के बीच बंट जाता है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के आय की मोटी रकम कुलपति और उनके रिश्तेदारों के शाही रहन-सहन और मुकदमों पर खर्च किया जाता है। इसके अलावा कुलपति आरबी लाल के पुत्र डॉ. जोनाथल लाल की नियुक्ति को भी अवैध बताते हुए जांच की मांग की गई है।