Himanshu Prakash selected in IES 2019
- फोटो : CITY DESK
कोल इंडिया में नौकरी के साथ की तैयारी, मिली सफलता
प्रयागराज, 27 अक्तूबर। संगम नगरी के एक और मेधावी हिमांशु प्रकाश का चयन भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (आईईएस)-2019 में हुआ है। खास यह कि कोल इंडिया में नौकरी करते हुए उन्होंने परीक्षा की तैयारी के लिए वक्त निकाला और दूसरे ही प्रयास में उन्हें सफलता मिल गई।
गोविंदपुर के भोलई का पुरा में रहने वाले हिमांशु प्रकाश ने दसवीं एवं बारहवीं की पढ़ाई सेंट जोसेफ कॉलेज से की। इसके बाद उनका चयन आईआईटी खड़गपुर में हो गया, जहां से उन्होंने वर्ष 2017 में बीटेक किया। कैंपस चयन के दौरान ही उन्हें कोल इंडिया लिमिटेड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर नौकरी मिल गई। नौकरी के दौरान ही हिमांशु ने आईईएस की तैयारी की और दूसरे प्रयास में 79वीं रैंक के साथ उनका चयन हो गया।
हिमांशु के पिता शिवराम मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से स्पेशल असिस्टेंट के पद से रिटायर हो चुके हैं और मां उमा देवी गृहणी हैं। हिमांशु की दो बड़ी बहनें में भी है। जिनमें एक बहन प्रियंका शादी के बाद मुंबई में बस गईं और दूसरी बहन नम्रता चिकित्सक हैं। हिमांशु का कहना है कि उनके हर निर्णय में माता-पिता ने पूरा साथ दिया और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।