कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा (जेएचटी) के लिए विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में 303 अस्थायी रिक्तियों की घोषणा की है। एसएससी के अनुसार यह रिक्तियां बृहस्पतिवार को जारी की गई हैं। इनमें अंतिम चयन प्रक्रिया तक परिवर्तन संभव है। साथ ही राज्यवार या जोनवार रिक्तियों का अलग से ब्योरा एसएससी के पास उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अभ्यर्थियों को विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित मंत्रालयों और विभागों से संपर्क करना होगा।
वरिष्ठ अनुवादक के छह पद विभिन्न मंत्रालयों में उपलब्ध हैं। इनमें रक्षा मंत्रालय के सशस्त्र बल मुख्यालय (एएफएचक्यू) में दो, नौसेना के नागरिक जनशक्ति व योजना निदेशालय में दो, सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय में एक और वित्त मंत्रालय के प्रवर्तन निदेशालय में एक पद शामिल है। वहीं कनिष्ठ अनुवादक के 297 पद घोषित किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 90 पद नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (सीएजी) कार्यालय में हैं। इसके अलावा डाक विभाग में 76, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में 33, राजस्व विभाग में 24 और रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) में 13 पद रिक्त हैं।
अन्य विभागों में भी रिक्तियां जारी की गई हैं। इनमें केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण में दो, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में एक, केंद्रीय पासपोर्ट संगठन में एक, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) में पांच और भारत के महापंजीयक व जनगणना आयुक्त कार्यालय में दो पद शामिल हैं। एसएससी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जारी रिक्तियां अनुमानित हैं। भर्ती प्रक्रिया के दौरान इनमें वृद्धि या कमी की जा सकती है। अभ्यर्थियों को अंतिम रिक्तियों की जानकारी एसएससी और संबंधित विभागों की ओर से जारी अपडेट के आधार पर मिलेगी।