करनाईपुर बाजार में सब्जी बेचते किसान
भीषण गर्मी के बीच सब्जियों के दाम में उछाल से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। सिंचाई और कड़ी मेहनत के बाद हरी सब्जियों का अच्छा भाव मिलने से किसानों में उत्साह है। लंबे समय बाद लागत से ज्यादा मुनाफा मिलने पर खेती से जुड़ी निराशा भी दूर हुई है।
स्थानीय मंडी समेत आसपास के बाजारों में सब्जियों की मांग तेज है, जिसका सीधा फायदा किसानों को मिल रहा है। हालत यह है कि अब बाहर के व्यापारी सीधे खेतों पर पहुंचकर माल खरीद रहे हैं। कई किसान खुद मंडी लाकर उपज बेच रहे हैं। इससे किसानों को दाम और सुविधा के हिसाब से बेचने का विकल्प मिल गया है।
बहरिया के कहली गांव के किसान अंबुज पटेल ने बताया, तीन दिन पहले टमाटर 15 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। अब दाम 40 रुपये किलो पहुंच गया है। टमाटर के अलावा भिंडी, खीरा, बैंगन और दूसरी हरी सब्जियों के भाव भी लगातार बढ़ रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार सब्जी की फसल से अच्छी कमाई हो रही है। पहले लागत निकालना भी मुश्किल था लेकिन अब सही दाम मिलने से खेती फायदे का सौदा बन गई है।
इतना आया कीमत में अंतर
सब्जी -15 दिन पूर्व- वर्तमान दाम
टमाटर- 15 -40
भिंडी-15 - 30
नेनुआ- 20 - 35
बैंगन-15- 30-
हरी मिर्च- 30-50
लौकी-10- 20 रुपये पीस
तोरई- 15-30-
हरी धनिया-60-100-
नोट : दाम प्रति रुपये किलो