प्रयागराज। सिविल लाइंस इलाके में एजी ऑफिस के पास रविवार को बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार कार ने एक बुलेट सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक कुछ दूर तक कार के साथ घिसटता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर कार सवार मौके से फरार हो गया। घायल युवक की पहचान 32 वर्षीय शशांक तिवारी के रूप में हुई जो मूल रूप से मध्यप्रदेश का रहने वाला है। मौके पर मौजूद मनोज कुमार ने शशांक को एक निजी अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे स्वरूप रानी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी राम आश्रय यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार सवार की तलाश की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।