High Court lawyers strike on July 29
प्रयागराज। प्रदेश में अधिवक्ताओं की लगातार हो रही हत्या पर बार कौंसिल के आह्वान और शिक्षा अधिकरण प्रयागराज के बजाए लखनऊ में स्थापित करने के विरोध में इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ता 29 जुलाई को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। शुक्रवार को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की सभा में इस आशय का प्रस्ताव पारित किया गया।
बार के महासचिव जेबी सिंह ने बताया कि हाई कोर्ट के अधिवक्ता सोमवार 29 जुलाई को न्यायिक कार्य नही करेंगे। इसी दिन पूरे प्रदेश की अदालतों में भी न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया जा रहा है। वकीलों की आए दिन हत्या की खबरों को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। बार काउंसिल ने वकीलों की सुरक्षा की प्रदेश सरकार से मांग की है।
बैठक की अध्यक्षता राकेश पांडेय और संचालन जेबी सिंह किया। बार एसोसिएशन ने शैक्षिक अधिकरण, जीएसटी अपीलीय अधिकरण और राज्य सेवा अधिकरण प्रयागराज में स्थापित करने का प्रस्ताव पास किया है। बार का मानना है कि हाईकोर्ट की प्रधानपीठ प्रयागराज में है, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के आधार पर सभी अधिकरण प्रयागराज में ही स्थापित किए जाने चाहिए। सभा में पंजाब और हरियाणा तथा सिक्किम हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे न्यायमूर्ति वीके राय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
सभा में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र गांधी उपाध्यक्ष वीएन उपाध्याय, श्रीकांत केशरवानी, संयुक्त सचिव प्रियदर्शी त्रिपाठी, आशुतोष पांडेय, सर्वेश कुमार दुबे, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ मिश्र, आंचल ओझा, शिवांगी भार्गव उर्मिला त्रिपाठी, अजय कुमार पाठक, उदय शंकर तिवारी, अभिषेक चौहान आदि मौजूद थे।