पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर मानव ने की थी आत्महत्या, सोशल मीडिया पर वीडियाे वायरल
पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या करने वाले आईटी कंपनी के मैनेजर मानव शर्मा के सास, ससुर और दो सालियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामला आगरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र का है। डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले मानव शर्मा ने 24 फरवरी की सुबह घर में फांसी लगा ली थी। रोते हुए गले में फंदा डालते मानव का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मानव ने वीडियो में आत्महत्या के लिए पत्नी निकिता शर्मा और मायके वालों को जिम्मेदार ठहराया था। 28 फरवरी को मानव के पिता नरेंद्र कुमार शर्मा ने मानव की पत्नी निकिता, उसके पिता नृपेंद्र कुमार शर्मा, मां पूनम शर्मा और उसकी दो बहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से सभी घर से फरार है। अब निकिता के अलावा निकिता के माता, पिता, व बहनों ने हाईकोर्ट का रूख किया है।
आखिरी वीडियो में कहा...मर्दों के बारे में कोई तो बात करे, बेचारे बहुत अकेले हैं
सॉफ्टवेयर इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के तर्ज पर मौत को गले लगाने से पहले मानव ने रोते हुए दर्द भरा वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। मानव शर्मा का 6.57 मिनट का ''आखिरी वीडियो'' दिल दहलाने वाला है। फंदे को गले में कसकर वीडियो बनाते हुए मानव भावुक होते हुए कहते हैं- मैं तो चला जाऊंगा, मर्दों का सोचो, मर्दों के बारे में कोई तो बात करे, बेचारे बहुत अकेले हैं। इसके बाद वो फांसी पर झूल जाते हैं।