घर से डयूटी पर जा रहे हाईकोर्ट कर्मी राजकुमार यादव (42) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सोमवार की सुबह हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची खुल्दाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। दोपहर बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। खुल्दाबाद के चक निरातुल चौफटका निवासी राजकुमार यादव (42) पुत्र चिंरौजी लाल यादव हाईकोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। प्रतिदिन की तरह सोमवार की सुबह करीब सात बजे वह हाईकोर्ट जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह चौपटका पुल के नीचे स्थित रेलवे लाइन पार करने लगे, इसी समय लड़खड़ा कर ट्रैक पर गिर गए। जब तक वह अपने आप को संभाल पाते तब तक प्रयागराज रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।