हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नियमावली में होगा बदलाव
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अपनी नियमावली में संशोधन करेगी। इसके लिए पदाधिकारियों केसाथ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों से राय मांगी जा रही है। मंगलवार को आयोजित बैठक में इस संबंध में व्यापक विचार विमर्श किया गया। कहा गया कि नियमावली में संशोधन के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। प्रस्ताव को पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। महासचिव सत्यधीर सिंह जादौन ने बताया कि बुधवार को भी इस पर चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष राधाकांत ओझा ने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अपने 150 साल पूरे करने जा रही है। बार एसोसिएशन अपनी नियमावली में कई बदलाव की आवश्यकता को महसूस कर रहा है, ताकि आने वाले समय में बार एसोसिएशन की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखा जा सके।
मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया है। इस संबंध में लाइब्रेरी हॉल में एक शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। कहा कि वह जमीनी नेता थे। उन्होंने राजनीति में समाजवादी विचारधारा का जो झंडा उठाया, उसे अंतिम सांस तक बरकरार रखा। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन में पुराने संबंधों व नैतिकता को कभी नहीं छोड़ा। महासचिव ने कहा कि छात्र जीवन में पूर्व मुख्यमंत्री से बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने हमेशा यह कहा कि राजनीति में विरोध भी मर्यादा के अनुरूप ही होना चाहिए। शोक सभा में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।