देश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने पार्सल बुकिंग शुरू कर दी है। इस दौरान प्रतिबंधित वस्तुओं को छोड़कर प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल समेत सभी रेलवे स्टेशनों से दवा, मेडिकेयर उपकरण, खाद्य पदार्थ और अन्य सभी वस्तुओं के पार्सल की बुकिंग होगी।
उत्तर मध्य रेलवे के सभी पार्सल कार्यालयों में बुकिंग स्वीकार की जाएगी। रेलवे बुक किए गए सामान को उपलब्ध लोकोमोटिव, वीपी, एसएलआर आदि का उपयोग करते हुए विशेष पार्सल ट्रेनों में विभिन्न गंतव्यों तक पहुंचाया जाएगा। बुकिंग में किसी भी कठिनाई या सहायता के लिए उत्तर मध्य रेलवे के 3 मंडलों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
आगरा मंडल का 9760537860, झांसी मंडल का 9794831208, 0510-2446066 एवं प्रयागराज मंडल का नंबर 9794837343 ,9794837285 है। एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के विरुद्ध इस लड़ाई में रेलवे अस्पताल और सभी रेलवे चिकित्सा कर्मी पहले से ही अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अब चिकित्सीय योग्यता रखने वाले अन्य रेलवे कर्मचारी जो विभिन्न विभागों( चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त) में काम कर रहे हैं, वे भी आवश्यकता की स्थिति में चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय और साथ ही आगरा, झांसी और प्रयागराज डिवीजनों द्वारा ऐसे रेल कर्मचारियों का एक डेटाबेस बनाया जा रहा है।
इस आपदा की स्थिति में सर्वोत्तम संभव लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने के लिए रेलवे मंत्रालय ने यह तय किया है कि वह लॉकडाउन की अवधि के दौरान कोई शुल्क नहीं लेगा। उधर आरपीएफ और जीआरपी की ओर से रविवार को 1000 खाने के पैकेट का वितरण प्रयागराज जंक्शन एवं अन्य इलाकों में किया गया ।