यौन शोषण में बड़े नेता व वीआईपी के शामिल होने का आरोप
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद व उनके शिष्य पर पॉक्सो एक्ट की एफआईआर दर्ज कराने वाले एक जाने-माने धर्मगुरु के शिष्य ने कई अन्य सफेद पोश लोगों पर भी इस अपराध में शामिल होने का आरोप लगाया है। कहा कि करीब 20 बच्चों का यौन शोषण किया गया है। लैपटॉप में नाबालिगों से यौन शोषण के वीडियो-फोटो के होने का दावा भी किया।
आरोप है कि मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में विद्यामठ सहित अन्य स्थानों पर भी यौन शोषण करते हैं। प्रतापगढ़ में पढ़ाई के दौरान भी बच्चों का शोषण किया गया। किसी भी आश्रम में जाने से पहले साजिश के तहत बच्चों को वीआईपी के सामने पेश किया जाता था। इन पीड़ितों में करीब 20 युवक-युवतियां भी शामिल हैं। साथ ही उन्होंने आलीशान भवन व स्विमिंग पूल के सबूत को मिटाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने एक बड़े नेता पर माघ मेला में अविमुक्तेश्वरानंद को धरने के लिए उकसाने का आरोप लगाकर कॉल डिटेल होने का दावा किया है। उन्होंने एफआईआर में नामजद लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
दोनों नाबालिगों का न्यायालय में बयान दर्ज
दूसरी तरफ पुलिस ने दूसरे नाबालिग बालक का मेडिकल करवा लिया है। एसीपी झूंसी विमल कुमार मिश्र टीम संग गंगापार स्थित एक अस्पताल में नाबालिग को लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की पैनल टीम ने मेडिकल प्रक्रिया पूरी की। पुलिस को अब रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं दोनों बालकों को न्यायालय के समक्ष पेश कर बयान दर्ज करा दिया गया है। पुलिस अफसरों ने बताया कि एक टीम जल्द स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मठ में जाकर पूछताछ करेगी।