इलाहाबाद हाईकोर्ट यूपी पीसीएस-जे 2022 की मुख्य परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में अब 26 अगस्त को सुनवाई करेगा। मंगलवार को याचियों की ओर से न्यायिक जांच समिति की रिपोर्ट पर जवाब दाखिल किया गया और एक आवेदन प्रस्तुत कर संशोधित जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की मांग की गई। न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्र की पीठ श्रवण पांडेय और अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई कर रही है।
याची अधिवक्ता सैयद फारमान अहमद नकवी, शाश्वत आनंद ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर की अध्यक्षता वाली न्यायिक जांच समिति की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के जवाब में एक शपथ-पत्र दाखिल किया। साथ ही एक अर्जी दाखिल कर मांग की गई कि जांच समिति को एक नई संशोधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जाए।
हाईकोर्ट ने 20 दिसंबर 2024 को पूर्व मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन कर उत्तर पुस्तिकाओं में गड़बड़ी की जांच का निर्देश दिया था। जांच समिति ने नौ जुलाई 25 को सीलबंद रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। ब्यूरो