कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह की ताजपोशी को चुनौती देने वाली याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। पूर्व अध्यक्ष डॉ सुशील सिन्हा की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल इस याचिका पर अब सोमवार को दलीलें पेश की जाएंगी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति प्रकाश पाड़िया की अदालत कर रही है।
गौरतलब है कि एसडीएम के आदेश पर हुई पुनर्मतगणना में हारे पूर्व अध्यक्ष डॉ. सिन्हा ने सोसाइटी रजिस्ट्रार की ओर से उनका प्रमाण पत्र निरस्त किए जाने पर एतराज जताया है। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल तिवारी ने अपनी दलीलों में कहा था कि सोसाइटी रजिस्ट्रार को पुराने अध्यक्ष का प्रमाण पत्र निरस्त करने का क्षेत्राधिकार नहीं है।
इसके बाद शुक्रवार को राघवेंद्र नाथ सिंह के वकीलों को पक्ष रखना था। सुनवाई लंच के बाद होनी थी, लेकिन लंच के बाद अदालत नहीं बैठी। लिहाजा, मामले की सुनवाई सोमवार तक टल गई।