बरेली। जिले में डेंगू और फैल्सीपेरम मलेरिया से तमाम मौतों के बीच ट्रेनी आईएएस अफसर की मां की स्वाइन फ्लू से मौत से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में खलबली मच गई है। मंगलवार को इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। आईएएस के पूरे परिवार को स्वाइन फ्लू की एंटी डोज दी गई है। परिवार के संपर्क में रहने वाले लोगों को भी दवा खिलाई गई। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू का अलग वार्ड बनाने की भी तैयारी शुरू कर दी गई है।
फैस्लीपेरम मलेरिया के प्रकोप से जूझ रहे स्वास्थ्य विभाग के अफसर स्वाइन फ्लू की ओर से बेफिक्र बैठे थे। यहां तक कि इस साल जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों का इलाज करने का भी कोई इंतजाम नहीं किया गया है। पिछले साल स्वाइन फ्लू के कई केस मिलने के बाद जिला अस्पताल में इसका अलग वार्ड बनाया गया था लेकिन इस साल अब तक कोई केस न मिलने पर इस वार्ड को मलेरिया वार्ड में तब्दील कर दिया गया। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला ने बताया कि स्वाइन फ्लू का केस संज्ञान में आने के बाद निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए इस परिवार और उसके संपर्क में आए सभी लोगों को दवाई दे दी गई है। जिला अस्पताल में भी अलग से वार्ड का इंतजाम किया जाएगा।
शादी के घर में मातम
विमला देवी के सबसे छोटे बेटे अमन की अगले महीने शादी होने वाली है। इन दिनों घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच विमला की मौत से शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।
स्वाइन फ्लू: ये लक्षण हों तो हो जाएं सतर्क
स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य इन्फ्लुएंजा की तरह होते हैं यानी बुखार, तेज ठंड लगना, गला खराब होना, मांसपेशियों व सिर में दर्द, खांसी, दस्त और कमजोरी आदि। फर्क इतना ही होता है कि स्वाइन फ्लू के मरीज में ये लक्षण इन्फ्लुएंजा के मुकाबले काफी तीव्र होते हैं। तेज सूखी खांसी, तेज बुखार, बेहद कमजोरी, हाथपांव में तेज दर्द, गले में चुभन, खांसते हुए खून निकलना आदि इसके विशिष्ट लक्षण हैं। शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने पर एच1एन1 तेजी से प्रभावी होता है।