‘रैपिड सर्वे ऑन चिल्ड्रेन’ की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार जिले में आठ लाख 23 हजार 551 बच्चों में एक लाख छह हजार 235 बच्चे अतिकुपोषित की श्रेणी में हैं। सितंबर 2015 में चलाए गए वजन अभियान के दौरान 42 हजार 124 अतिकुपोषित बच्चे चिह्नित किए थे। इस प्रकार जनपद में तकरीबन 60 हजार अन्य बच्चे अतिकुपोषित श्रेणी में चिह्नित किए जाने हैं। इसके लिए इलाहाबाद में 10 एवं 12 दिसंबर को वजन दिवस का आयोजन किया जाएगा।
वजन दिवस के दौरान कुपोषण के निवारण के लिए पांच वर्ष तक के बच्चों का शतप्रतिशत पंजीकरण और वजन किया जाएगा। यह निर्देश मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दिए। उन्होंने कमिश्नर राजन शुक्ला, सीडीओ आंद्रा वामसी से कहा कि वजन दिवस के सफल आयोजन के लिए सीडीओ कार्यालय में नियंत्रण कक्ष खोला जाए और हर विभाग जनपद स्तर के अधिकारी को सेक्टर प्रभारी के रूप में तैनात किया जाए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद कमिश्नर राजन शुक्ला ने सीडीओ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि हर आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यशील वजन मशीन एवं स्टेशनरी उपलब्ध करा दीजाए। सेक्टर प्रभारी एवं ग्राम सभा पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आठ दिसंबर तक पूरा कर लिया जाए। सीडीओ आंद्रा वामसी ने बताया कि वजन दिवस को सफल बनाने के लिए पूरे जिले को 180 सेक्टर में विभाजित किया किया जायेगा और प्रत्येक सेक्टर के लिए जनपद स्तरीय अधिकारी की तैनाती सेक्टर प्रभारी के रूप में की जाएगी। लगभग 1700 प्रधानाध्यापकों की ग्राम सभा पर्यवेक्षकों के रूप में तैनाती होगी।