हमीरपुर जनपद में तैनात महिला सिपाही को जिम ट्रेनर ने प्रेम जाल में फंसाकर डेढ़ लाख रुपये एेंठ लिए। उसने जिम खोलने के नाम पर रुपये लिए थे। रुपये मिलने के बाद उसने सिपाही से दूरी बनानी शुरू कर दी। परेशान महिला सिपाही अपनी मां के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंची तो करेलाबाग के रहने वाले ट्रेनर को भी बुला लिया गया। महिला सिपाही ने थाने पर काफी हंगामा भी किया लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। ट्रेनर ने लिखित दिया है कि वह रुपये किस्तों में लौटा देगा।
महिला सिपाही झूंसी की रहने वाली है। दो वर्ष पूर्व उसने सिविल लाइंस में एक जिम ज्वाइन किया था। यहीं उसकी मुलाकात करेलाबाग के रहने वाले ट्रेनर से हुई थी। उस वक्त युवती सिपाही नहीं बनी थी। पुलिस में नौकरी मिलने के बाद दोनों के संबंध और गहरे होते गए। युवक ने जिम खोलने के नाम पर डेढ़ लाख मदद मांगी तो सिपाही ने तुरंत हां कर दी। रुपये मिलने के बाद युवक की नीयत बदल गई।
उसने सिपाही से दूरी बनानी शुरू कर दी। रुपये लौटाना तो दूर की बात रही, बातचीत भी बंद हो गई। थककर शुक्रवार को सिपाही ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत की। शनिवार दोपहर दोनों पक्षों को बुलाया गया। युवक को देखते ही सिपाही ने हंगामा शुरू कर दिया। उसके तेवर देखकर युवक ने रुपये लेने की बात कुबूल कर ली। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अमरनाथ यादव ने बताया कि रुपये सिपाही की मां से लिए गए थे। पीड़ित पक्ष मुकदमा नहीं चाहता था। युवक ने लिखित दिया है कि वह रुपये किस्त में लौटा देगा।