इलाहाबाद। विजय दशमी सौहार्द ट्रस्ट की ओर से सौहार्द मेला रविवार को राजरूपपुर कौशांबी मार्ग पर आयोजित किया गया। बिजली की आकर्षक रोशनी में नहाए मेला क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ी। जयकारों से रास्ते गूंजते रहे।
भगवान राम का दल पूरी सजदज के साथ झलवा तिराहा डा. सूरजपाल के घर से रात नौ बजे पूजन के बाद अध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र की अगुवाई में निकला। रामदल झलवा से होते हुए चकिया चौराहे पहुंचा। दल के साथ आकर्षक कलात्मक लीला चौकियां प्रदर्शन करते हुए चल रहीं थी। मेले में जगह-जगह लगाए गए झूलों पर बच्चों के साथ बड़े भी थे। दल के साथ उपाध्यक्ष जी.एन. पाठक, जी.पी. सिंह, चंद्र भूषण सिंह, मो. अफजल, श्याम सुंदर सिंह पटेल, डा. सूरज पाल, डा. जी.सी. गुप्ता आदि रहे। उसके पहले मेले का उद्घाटन महापौर अभिलाषा गुप्ता एवं पूर्व सांसद अतीक अहमद ने किया।
वहीं छत्रपति शिवाजी महराज जनकल्याण समिति चकनिकरातुल की ओर से भव्य रामदरबार झांकी नंद गार्डन चकिया तिहारे स्थित मंदिर में पूजन अर्चन के बाद निकाली गई। जो चकिया तिराहे से होते हुए झलवा पहुंची। झांकी के मेले क्षेत्र में पहुंचने पर मेला कमेटी के संरक्षक श्याम सुंदर सिंह पटेल, अध्यक्ष रामनाथ शर्मा, महिला प्रभारी कुसुमलता आर्य ने भगवान राम की आरती पूजा की। इस अवसर पर मधु सिंह, तारा पटेल, रीता सिंह, मंजूलता सिंह आदि उपस्थित रहे। तकरीबन पूरी रात क्षेत्र में चहल-पहल रही।