कुंभ मेला क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन के सामने मुख्यमंत्री को मिले हैप्पी को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। हैप्पी डॉक्टरों की निगरानी में है। उसकी जांच भी कराई जा रही है। प्राथमिक जांच में उसकी दोनों किडनी खराब होने की बात सामने आई है। आगे की जांच तथा इलाज के लिए हैप्पी को बाहर के अस्पताल में भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार को शहर में रहे। शनिवार को देर रात निरीक्षण के दौरान सात-आठ वर्षीय हैप्पी मुख्यमंत्री को मेला पुलिस लाइन के सामने मिला था। मजदूर पिता ने बताया था कि उसकी तबीयत खराब रहती है। वह पढ़ने भी नहीं जाता। हैप्पी के पिता ने यह भी बताया था कि उसके दोनों किडनी में इंफेक्शन है। इस पर मुख्यमंत्री ने डीएम को हैप्पी के इलाज और पढ़ाई का इंतजाम करने का निर्देश दिया था। इसके बाद हैप्पी का नैनी स्थित स्कूल में दाखिला कराया गया। इलाज भी शुरू हो गया है। डीएम सुहास एलवाई का कहना है कि हैप्पी के इलाज और पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है। सहायक निदेशक चिकित्सा तथा कुंभ मेला प्रभारी डॉ.अशोक कुमार पॉलीवाल ने बताया कि इन दिनों मेला में विशेषज्ञ डॉक्टर आए हुए हैं। उन्हें भी हैप्पी को दिखाया गया। जांच भी कराई जा रही है। उसके दोनों किडनी खराब हैं। चूंकि यहां इलाज की सुविधा नहीं है। ऐसे में बाहर के अस्पताल में भेजा जाएगा।