इलाहाबाद (ब्यूरो)। महिलाओं, छात्राओं को अपनी रक्षा का हुनर सिखाने के लिए गुलाबी गैंग आगे आया है। गैंग की ओर से शुक्रवार से आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत अल्लापुर स्थित रामलीला पार्क में हुई। इंडियन सितो-रियो कराटे स्कूल के सहयोग से सेन्सई शरद नाथ एवं एसएन विद्यार्थी ने महिलाओं को कराटे की ट्रिक बताई। उन्हें जानकारी दी गई कि वह आत्मरक्षा किस तरह से कर सकती हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं, छात्राओं को शामिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया। गुलाबी गैंग कमांडर नीलम पाल ने बताया कि आज के समय में महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक होना चाहिए। वो खुद को इस काबिल बनाएं कि छेड़खानी, चेन स्नेचिंग या फिर हिंसा करने वालों को सबक सिखा सकें।
बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को रामलीला पार्क अल्लापुर में चलेगा। हमारी कोशिश रहेगी की नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा छात्राएं शामिल हो। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रीता सिंह, मधु श्रीवास्तव, प्रीति श्रीवास्तव, सुधा पाल, सोनम, काजल, कृष्णा पान, अंजलि सिंह आदि मौजूद रहीं।