जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े जारी होने के बाद जहां देश में इसमें 10.3 फीसदी की बढ़त हुई तो वहीं प्रयागराज में लगातार दूसरे माह जीएसटी कलेक्शन घट गया। सीमेंट, ऑटोमोबाइल्स आदि सेक्टर से जुड़ी फर्म से मिलने वाला कलेक्शन बीते माह घट गया है। जुलाई 23 की तुलना में यह गिरावट 0.20 फीसदी रही। हालांकि, जून 24 के मुकाबले कलेक्शन में 23 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।
जीएसटी लागू होने के बाद राज्य वाणिज्य कर विभाग को अब तक जुलाई 23 में सर्वाधिक 192.20 करोड़ का कलेक्शन मिला। इस बार उम्मीद जताई जा रही थी कि कलेक्शन का आंकड़ा 200 करोड़ को पार कर सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विभाग ने आंकड़े जारी किए तो यहां जुलाई 23 के मुकाबले जुलाई 24 का कलेक्शन घट गया।
जुलाई 24 में विभाग के खाते में 191.82 करोड़ का ही संग्रह आया। हालांकि, विभागीय अफसरों को उम्मीद है कि अगस्त 24 में विभाग का कलेक्शन काफी बढ़ सकता है। क्योंकि, तमाम फर्म जिन्होंने अब तक टैक्स नहीं जमा किया है, वह इस माह जमा कर सकते हैं।
अफसरों का कहना है कि इस माह जांच अभियान भी तेज किए जाएंगे। चर्चा इस बात की है कि राज्य वाणिज्य कर विभाग ने प्रयागराज के कुछ होटलों को भी चिह्नित किया है। इन होटलों में किसी भी दिन छापामारा जा सकता है। आने वाले दिनों में फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर भी प्रयागराज के साथ फतेहपुर, कौशाम्बी एवं प्रतापगढ़ में भी अभियान तेज होगा।
इस बारे में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन रामकुबेर ने बताया कि जून 24 में मिले 168.28 करोड़ के मुकाबले जुलाई 24 का कलेक्शन 191.82 करोड़ रुपये रहा। कहा कि इस वर्ष के शुरुआती सात में विभाग का जीएसटी कलेक्शन बेहतर रहा।
पिछले पांच वर्ष में जुलाई माह का कलेक्शन
जुलाई 2020 - 162.54 करोड़
जुलाई 2021 - 191.41 करोड़
जुलाई 2022 - 167.31 करोड़
जुलाई 2023 - 192.20 करोड़
जुलाई 2024 - 191.82 करोड़