कुलियों ने रेलवे के ग्रुप डी के विभिन्न पदों पर नौकरी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय रेलवे भारवाहक (कुली) यूनियन के बैनर तले हुए प्रदर्शन में कुलियों ने इलाहाबाद जंक्शन से डीआरएम ऑफिस होते हुए सुभाष चौराहे तक जुलूस भी निकाला।
बता दें कि यूपीए वन सरकार के कार्यकाल के दौरान रेलमंत्री रहे लालू प्रसाद यादव ने तमाम कुलियों को रेलवे ग्रुप डी के विभिन्न पदों पर नौकरी दी थी। 26 फरवरी 2008 के उक्त आदेश को एक बार फिर से बहाल करने की मांग को लेकर कुलियों ने प्रदर्शन कर कहा कि उन्हें ग्रुप डी के पदों में समायोजित किया जाए। कहा कि बुजुर्ग एवं मेडिकल अनफिट कुलियों के आश्रितों को भी रेलवे में नौकरी दी जाए।
जुलूस की शक्ल में सुभाष चौराहे पहुंचे यूनियन अध्यक्ष राज कुमार भारतीय ने कहा, यूनियन की सारी मांगे मानी जाएं। इस दौरान यूनियन के संरक्षक सुनील पांडेय की मौजूदगी में संयोजक जाहिद हुसैन ने कहा कि इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक लड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में होरीलाल पटेल, अंसार भाई, महेंद्र निषाद, करन निषाद, मनोज, शत्रुघन, ओम प्रकाश, धर्मनाथ, हरिशंकर आदि मौजूद रहे।