भगवान श्रीराम की पावन तपोभूमि शृंग्वेरपुरधाम में सातवें शृंग्वेरपुर महोत्सव का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा तीर्थक्षेत्र जगमगा उठा। शनिवार को दो लाख दीये जलाए जाएंगे।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने शृंग्वेरपुर दीपोत्सव कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ किया। तीन दिवसीय महोत्सव के प्रथम दिन संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किए। गोघाट के जय राम दास महाराज, रामआश्रम के दंडी स्वामी और बालक राम श्रीश बाहुबली महाराज उपस्थित रहे। फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, सीडीओ हर्षिका सिंह और जिला विकास अधिकारी गोपाल कुशवाहा ने भी दीप प्रज्वलित किए।
बालक राम श्रीश बाहुबली महाराज ने भगवान श्रीराम और केवट प्रसंग पर भावपूर्ण कथा सुनाई। उन्होंने राम-केवट संवाद के माध्यम से भक्ति, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने शृंग्वेरपुर महोत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और निषादराज की पावन धरती का धार्मिक महत्व देशभर में है। ऐसे आयोजन तीर्थ की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाते हैं। यह हमारी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का माध्यम भी हैं। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आगाज हुआ।
की गई दिव्य गंगा आरती
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने लोकगीत, भजन और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव परिसर में राम दरबार की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई थी। यह प्रदर्शनी भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और रामायण प्रसंगों पर आधारित थी। यह श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। महोत्सव के आयोजक जय श्रीराम सेवा समिति के अध्यक्ष संजय तिवारी ने सभी का आभार जताया। समिति के महामंत्री अरुण द्विवेदी ने संचालन किया। इस दौरान समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप केसरवानी, उपाध्यक्ष श्याम उपाध्याय, शिव उपाध्याय, वरुण द्विवेदी, वैभव मिश्र अन्य लोग समेत संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
श्रृंगवेरपुर महोत्सव में दीप प्रज्वलित करते लोग एवं संस्कृति कार्यक्रम की प्रस्तुत करते कलाकार - फोटो : udhampur news