सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। पहले दिन व्रती गंगा और यमुना में स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ व्रत का संकल्प लिया। घरों में अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी तैयार की गई। कद्दू-भात ग्रहण करने के साथ ही छठी मइया की आराधना का कठिन अनुष्ठान शुरू हुआ।
मीरापुर स्थित शिव मंदिर के आचार्य धीरज पांडे के अनुसार, छठ पर्व में नहाय-खाय का विशेष महत्व है। इसे तन और मन की शुद्धि के साथ महापर्व की शुरुआत माना जाता है। इस दिन व्रती घरों की साफ-सफाई से लेकर भोजन बनाने और ग्रहण करने तक विशेष नियमों का पालन करते हैं। भोजन पूरी तरह सात्विक तरीके से तैयार होता है और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। मान्यता है कि नहाय-खाय से शुरू होने वाला यह अनुष्ठान परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली के लिए किया जाता है।
शनिवार को खरना के साथ व्रत का दूसरा चरण शुरू होता है। व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद तैयार करते हैं। छठी मइया को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। इस दौरान संतान की दीर्घायु और परिवार के कल्याण की कामना की जाती है।
रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस बार रविवार को ही संध्या अर्घ्य का पर्व पड़ने से विशेष संयोग बनता है। व्रती घाटों पर पहुंचकर दूध और गंगाजल से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ महापर्व का समापन होता है। छठ को लेकर संगम, बलुआघाट, रामघाट, दारागंज और रसूलाबाद सहित विभिन्न गंगा घाटों पर साफ-सफाई और पूजन की तैयारियां तेज हो गई हैं।