अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते फार्मासिस्ट।
- फोटो : अमर उजाला।
पदनाम परिवर्तन, वेतन विसंगतियों को दूर करने और स्वास्थ्य विभाग में नए पदों के सृजन की मांग को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रयागराज इकाई ने सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि पहले की तुलना में अस्पतालों में बाह्य रोगियों और मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है, लेकिन उसी अनुपात में फार्मासिस्टों के पदों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई जिला चिकित्सालय अब चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में वहां फार्मासिस्टों के मौजूदा पद समाप्त करने के बजाय उन्हें सुरक्षित रखा जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों के पद प्रभावित न हों। इसके साथ ही बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को देखते हुए नए पदों का सृजन किया जाना चाहिए।
एसोसिएशन के जिला मंत्री हरिओम सिंह ने बताया कि मांगों को लेकर पहले चरण में धरना दिया गया है। इसके बाद 20 नवंबर को लखनऊ स्थित महानिदेशालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बावजूद मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो केंद्रीय कार्यकारिणी आगे की रणनीति तय करेगी। इसमें अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय भी लिया जा सकता है।