विकास खंड बहरिया के ग्राम पंचायत सराय लीलाधर उर्फ बरचनपुर में विकास कार्यों में धांधली और भारी वित्तीय अनियमितता मिलने पर ग्राम निधि का खाता सीज कर दिया गया है। डीएम ने ग्राम प्रधान के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही सचिव के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया है।
सराय लीलाधर उर्फ बरचनपुर के दिलीप कुमार ने ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में धांधली एवं शासकीय धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी। डीएम ने उपायुक्त (श्रम रोजगार) के नेतृत्व टीम गठित करके विकास कार्यों की जांच के निर्देश दिए। टीम ने विकास कार्यों की जांच की। जिसमें भारी पैमाने पर वित्तीय अनियमितता पाई गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने ग्राम पंचायत सराय लीलाधर उर्फ बरचनपुर के ग्राम प्रधान के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारों पर रोक लगाते हुए ग्राम निधि के खाते को सीज कर दिया। इसके साथ ही विकास कार्यों में कोई अवरोध उत्पन्न न हो इसके लिए डीएम ने ग्राम पंचायत में तीन सदस्यीय टीम गठित करने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया है।