एसडीएम बारा के आदेश के बावजूद क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनौरी में आबादी से लगी चौदह बीघे सरकारी पहाड़ की भूमि पर दबंगों का कब्जा लगातार जारी है। शुक्रवार को एसडीएम बारा प्रेरणा गौतम ने पुनः पुलिस और राजस्व निरीक्षक को पहाड़ की भूमि खाली कराने का आदेश दिया।
क्षेत्र के सोनौरी गांव में एक आराजी सरकारी दस्तावेज में पहाड़ दर्ज है। इसी भूमि के कुछ भाग को ग्राम पंचायत की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र के लिए चयनित किया गया है किंतु इस भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा कर बाउंड्री वॉल बनवाया जा रहा है।
ग्राम प्रधान सविता देवी अक्तूबर 2025 से बाउंड्री वॉल का निर्माण रोकने एवं सरकारी भूमि खाली कराने के लिए तहसील का चक्कर काट रही हैं। समाधान दिवस से लेकर जन सुनवाई तक गुहार लगाई गई। हर बार जांच आख्या आती है और कब्जा की पुष्टि होती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले में 27 दिसंबर 2025 को हल्का लेखपाल अब्दुल कादिर सिद्दीकी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि कब्जा करने वाले नहीं मान रहे हैं। इसलिए सक्षम अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल के माध्यम से खाली कराया जाय। शुक्रवार को फिर से एसडीएम बारा प्रेरणा गौतम ने एसओ लालापुर एवं राजस्व निरीक्षक को सरकारी भूमि खाली कराने का आदेश दिया है।