शियाट्स में कुलपतियों के सम्मेलन में पहुंचे प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सड़कों की मरम्मत, लव जेहाद, धर्मांतरण आदि बिंदुओं पर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा लेकिन विवादित मुद्दों पर चुप्पी साधे रहे।
सम्मेलन के बाद मीडिया से मुखातिब शिवपाल ने भगवान राम पर सड़कों का नाम रखे जाने के सवाल पर सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सात हजार किलोमीटर राजमार्ग है लेकिन केंद्र सरकार समय से पैसा नहीं देती। केंद्र सरकार पैसा दे तो यहां की सड़कें भी अच्छी हो जाएं। इस बयान के माध्यम से उन्होंने प्रदेश में सड़कों की खस्ताहाल स्थिति पर केंद्र सरकार में मंत्री नितिन गडकरी की टिप्पणी का भी जवाब दिया।
शिवपाल ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में गडकरी के साथ बैठक हुई। उसमें स्थिति से उन्हें अवगत कराया गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लव जेहाद, धर्मांतरण पर कुछ लोग शोर मचा रहे हैं। उन्होंने काला धन लाने का वादा किया था लेकिन उस पर कोई काम नहीं किया। शिवपाल ने कैबिनेट मंत्री आजम खां के विवादित बयान, विंध्याचल मंदिर के अधिग्रहण आदि बिंदुओं पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। इससे पहले बिंध्याचल मंदिर से आए प्रतिनिधियों ने मंदिर के अधिग्रहण के संबंध में शिवपाल को ज्ञापन सौंपा।