फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज से गोरखपुर और वाराणसी रूट की जनरथ हुई बंद

विज्ञापन
Gorakhpur and Varanasi Route in Prayagraj - फोटो : CITY DESK
विज्ञापन
गोरखपुर और वाराणसी रूट की कई जनरथ बसें हुईं बंद
विज्ञापन

प्रयागराज। रोडवेज ने एसी बस से सफर करने वाले यात्रियों को झटका दिया है। प्रयागराज से गोरखपुर और वाराणसी के लिए चल रहीं जनरथ बसें अचानक बंद कर दी गई हैं। अब इन दोनों ही रूट पर नाममात्र की जनरथ बसों का संचालन हो रहा है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है। उमस भरी इस गर्मी में यात्री मजबूरी में साधारण श्रेणी की बसों में सफर करने के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा सावन मास में कांवड़ियों की आवाजाही की वजह से संबंधित रूट पर जाने वाली बसों को तकरीबन 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सिविल लाइंस बस स्टेशन से गोरखपुर के लिए नियमित रूप से छह एसी जनरथ बसें चलती हैं जबकि, वाराणसी जाने वाली बसों की संख्या दस से ज्यादा है। पिछले कुछ दिनों के दौरान गोरखपुर रूट की तीन बसें अचानक हटा दी गईं। इसी तरह वाराणसी जाने वाली भी एसी बसें यात्रियों को नहीं मिल रही हैं। मजबूरी में यात्रियों को साधारण श्रेणी की बसों में ही सफर करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि गोरखपुर रूट की तकरीबन 70 किलोमीटर सड़क काफी खराब हो गई है। इस वजह से जनरथ बसों में गड़बड़ी आ जा रही है। रोडवेज प्रशासन को इससे नुकसान हो रहा है। लगातार हो रहे नुकसान को देखतेे हुए रोडवेज ने संबंधित रूट की छह में से तीन बसें हटा दी हैं।
विज्ञापन

इसी तरह वाराणसी प्रशासन द्वारा कैंट बस स्टेशन आने वाली बसों को शहर के बाहर पोलट्री चौराहे पर ही रोक लिया जा रहा है। शहर में प्रवेश न मिलने से रोडवेज ने वहां जाने वालीं एसी बसें मजबूरी में बंद कर दीं। पिछले दिनों प्रयागराज आए रोडवेज के प्रबंध निदेशक राजशेखर को भी इसकी जानकारी रोडवेज अफसरों ने दी है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन का कहना है कि वाराणसी में बसों को प्रवेश न मिलने से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। वहां स्थानीय प्रशासन से एसी बसों को कैंट बस स्टेशन तक लाने को कहा गया है। जबकि गोरखपुर रूट की सड़क काफी खराब हो गई है।
रूट डायवर्ट होने से यात्रियों को देना पड़ रहा अतिरिक्त किराया
वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, बलिया जाने वाली रोडवेज की बसों में सफर करने वाले यात्रियों से रोडवेज अतिरिक्त किराया ले रहा है। दरअसल शास्त्री पुल पर पर बसों की आवाजाही बंद कर दिए जाने की वजह से संबंधित रूट की बसें फाफामऊ के रास्ते चल रही हैं। इस वजह से बसों को तकरीबन 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस वजह से इन शहरों के लिए रोडवेज ने 17 से 18 रुपये तक का अतिरिक्त किराया बढ़ा दिया है। हालांकि शास्त्री ब्रिज पर अभी कांवड़ियों की ज्यादा आवाजाही नहीं है।
विज्ञापन

यात्रियों को थोड़ी राहत, लखनऊ के लिए शुरू हो गई वॉल्वो
प्रयागराज। प्रयागराज से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को रोडवेज ने थोड़ी राहत दे दी है। पिछले कई दिनों से बंद चल रही लखनऊ जाने वाली एसी वॉल्वो बस का रोडवेज ने एक बार फिर से संचालन शुरू कर दिया है। हालांकि अभी सिर्फ दो वॉल्वो ही नियमित रूप से लखनऊ के लिए शुरू की गई हैं। दरअसल, पिछले दिनों ही लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर चल रहीं सभी 11 वॉल्वो बसें बंद कर दी गई। अचानक बंद हुई सेवा से यात्रियों को खासी परेशानी भी हो रही है। हालांकि बंद हुई वॉल्वो के स्थान पर रोडवेज ने जनरथ बसों को लगाया है लेकिन, जनरथ के मुकाबले वॉल्वो का सफर ज्यादा आरामदायक है। इसी वजह से एसी बस से लखनऊ जाने वाले यात्रियों की पहली पसंद वॉल्वो बस ही है। बताया जा रहा है यूपी रोडवेज का रॉयल क्रूजर कंपनी से अनुबंध था। उसी की बसें प्रदेश भर में चल रही थीं। लेकिन ईडी द्वारा संबंधित कंपनी की आय व्यय से जुड़ी जांच एवं अन्य कारणों से इस कंपनी की बस का संचालन मुख्यालय स्तर से रोक दिया गया। अब रोडवेज मुख्यालय की ओर से दूसरी कंपनियों से वॉल्वो सेवा शुरू करने की बात चल रही है। अब लखनऊ के आलमबाग डिपो की ओर से दो बसें शुरू की गई हैं। एआरएम सिविल लाइंस मनोज शर्मा के मुताबिक प्रयागराज के सिविल लाइंस बस स्टेशन से इसके छूटने का समय दिन में 1.30 बजे एवं शाम पांच बजे हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने कहा कि आने वाले दिनों में कुछ और वॉल्वो बस का संचालन शुरू हो सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें