हैदराबाद हुई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 100 प्रतियोगियों को पछाड़ मिली कामयाबी
प्रयागराज। शहर के गर्ल्स हाईस्कूल (जीएचएस) एवं कॉलेज की बारहवीं की छात्रा दिव्या दिवेश विक्रम ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एआईएससीई हुए नेशनल लिटेरेरी कंपटीशन (पेंटिंग) में गोल्ड मेडल जीता है। दिव्या को तेलंगाना की राज्यपाल टी सौन्दर्यराजन ने देश भर की प्रतियोगियों को पछाड़कर पहला स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया। एआईएससीई स्कूलों के बच्चों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में देश भर से शामिल 100 प्रतिभागियों में अकेली दिव्या ही ऐसी रही जो गोल्ड जीतने में कामयाब हुई। प्रतियोगिता का आयोजन हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में हुआ।
जीएचएस की प्रधानाचार्या डॉ. विनीता इसूबियस ने बताया कि इससे पूर्व में एसएमसी में जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में दिव्या का चयन किया गया। जिला स्तर के बाद कानपुर में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिव्या ने बाजी मारी थी अब राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने पर स्कूल में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि जीएचएस में चार वर्ष पूर्व आर्ट से जुड़े विषयों की पढ़ाई शुरू हुई, इतने कम समय में हमारी छात्रा ने गोल्ड मेडल जीतकर स्कूल का नाम ऊंचा किया है।