फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दर्दनाक : डांस कर रही किशोरी के बाल जनरेटर में फंसकर चमड़ी समेत उधड़े, लगे 700 टांके

Mon, 22 May 2023 05:54 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

गंगापार के सैदाबाद इलाके में सोमवार को माता मंदिर को निशान ले जाते वक्त डीजे के संगीत पर डांस कर रही किशोरी के बाल जनरेटर के पंखे में फंस कर चमड़ी समेत उखड़ गए।
विज्ञापन
जनरेटर में बाल फंसने से घायल गुंजा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गंगापार के सैदाबाद इलाके में सोमवार को माता मंदिर को निशान ले जाते वक्त डीजे के संगीत पर डांस कर रही किशोरी के बाल जनरेटर के पंखे में फंस कर चमड़ी समेत उखड़ गए। किशोरी को खून से लथपथ देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे हनुमानगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसके सिर की चमड़ी को दोबारा सिला गया। इसके लिए सिर में 700 से अधिक टांके लगाने पड़े हैं। किशोरी अभी आईसीयू में भर्ती है।

विज्ञापन


सैदाबाद क्षेत्र के ढोकरी गांव में रहने वाले बबलू के बेटे का विवाह 25 मई को है। इसी खुशी में निशान (धार्मिक आयोजन) निमहरा शीतला मंदिर ले जाया जा रहा था। इसमें महिलाएं-बच्चे व अन्य ग्रामीण शामिल थे। इन्हीं में ढोकरी के मजरा जालिमपुर में रहने वाले रामफल की 16 वर्षीय बेटी और बबलू की चचेरी बहन गुंजा भी थी। गुंजा हाईस्कूल की छात्रा है। निशान में शामिल लोग डीजे के संगीत पर डांस कर रहे थे। गांव के चौराहे पर पहुंचने पर वाहनों को रास्ता देने के लिए लोग नाचते हुए ही किनारे हटने लगे।

इसी हड़बड़ी में गुंजा डीजे के लिए लगाए गए जनरेटर की चपेट में आ गई। उसके खुले लंबे बाल जनरेटर के पंखे में फंसकर चमड़ी समेत उखड़ गए। खून से लथपथ गुुंजा वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ी। पूरा घटनाक्रम सिर्फ चार-पांच सेकेंड में हो गया। उसके सिर की उधड़ी चमड़ी और बाल अलग-थलग दिख रहे थे। ऐसा दृश्य देखकर लोगों में खलबली मच गई, बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे।

आनन-फानन में किशोरी को हनुमानगंज के बीकापुर गांव स्थित गामा चिकित्सा संस्थान में भर्ती कराया गया। यहां के डॉ. अंजलि और डॉ. रत्नाकर ने तकरीबन तीन घंटे तक ऑपरेशन करके गुंजा के सिर की चमड़ी दोबारा सिल दी है। इसमें 700 से अधिक टांके लगाने पड़े। देर शाम तक किशोरी होश में नहीं आ सकी थी।

अस्पताल के डॉ. एसएन यादव ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान किशोरी के सिर में 700 से अधिक टांके लगाए गए हैं। वह अभी आईसीयू में भर्ती है। मंगलवार को उसका सीटी स्कैन कराया जाएगा। संक्रमण की आशंका को देखते हुए कम से कम एक सप्ताह तक अस्पताल में ही रखा जाएगा।
विज्ञापन

बाल आएंगे कि नहीं, छह महीने में पता लगेगा

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या गुंजा के लंबे-घने बाल फिर लौट आएंगे? आएंगे तो कब तक? इस संबंध में वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक रस्तोगी का कहना है कि अभी बालों की वापसी पर कुछ भी कहना कठिन है। इसके लिए छह महीने का इंतजार करना होगा। इसके बाद ही साफ हो सकेगा कि कितने बाल आते हैं, कितने नहीं। वैसे, प्लास्टिक सर्जरी के जरिये भी बालों को लाया जा सकता है। डॉ. रस्तोगी कहते हैं कि ताजा चुनौती उसे होश में लाकर सिर को संक्रमण से बचाने की है। इसमें तीन से चार हफ्ते का समय खासा महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें