शेरगढ़। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर में मंगलवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज न मिलने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति, ससुर और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मीरगंज के नंदगांव निवासी राजाराम ने बताया कि उन्होंने पुत्री आरती (24) की शादी तीन साल पहले शेरगढ़ के गांव मोहम्मदपुर निवासी मनोज के साथ की थी। दंपती की एक वर्ष की बेटी भी है। आरोप है कि ससुराल में बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता। कई बार बेटी ने इसकी शिकायत परिजनों से की थी।
मंगलवार को आरती की मौत की सूचना पर मायके से लोग पहुंच गए। राजाराम ने बताया कि जब वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो आरती का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि बेटी की हत्या की गई है। सूचना पर सीओ बहेड़ी डॉ. तेजवीर सिंह के साथ फॉरेंसिक टीम भी गांव पहुंच गई। जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पति मनोज कुमार, ससुर चेतराम और सास मुन्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।