Girl beaten as a child thief, report filed
प्रयागराज। बच्चा चोरी के आरोप में निर्दोषों की पिटाई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसी ही एक घटना करेली में हुई जिसमें युवती को बच्चा चोर बताकर पीटा गया और उससे छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों व भीड़ पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना करेली के हड्डी गोदाम मोहल्ले में रविवार शाम करीब चार बजे हुई। गौसनगर बारह मार्केट के पास रहने वाली युवती किसी काम से हड्डी गोदाम के पास पहुंची थी। तभी वहां मौजूद दो लोगों ने टोकते हुए उसे इस रास्ते से जाने को मना किया। विरोध पर गाली गलौच करते हुए मोहल्ले के लोगों को बुलाया। फिर बच्चा चोर बताकर मोबाइल व पर्स छीनने की कोशिश की। साथ ही कपड़े भी फाड़ने की कोशिश की। साथ ही जान से मारने को धमकाया। इसी दौरान किसी ने सूचना दी तो पुलिस पहुंची लेकिन तब तक सभी भाग गए थे। युवती की सूचना पर उसके परिजन भी पहुंचे और फिर भाई ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों व्यक्तियों को सामने आने पर वह पहचान सकती है। जिसके बाद करेली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि मारपीट, धमकी, छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।