घूरपूर के दशहरा मेले में उमड़ी भीड़
घूरपुर बाजार का ऐतिहासिक दशहरा मेला शुक्रवार रात से शनिवार भोर तक धूमधाम से मनाया गया। जय मां शारदा धार्मिक प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित इस मेले का क्षेत्र के लोगों को बेसब्री से इंतजार था।
शुक्रवार शाम से ही मेले में भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। रात बारह बजे के बाद झांकियों का सिलसिला शुरू होते ही लोग उत्साह से भर उठे। पूरे मेला क्षेत्र में रातभर ''जय श्री राम'' और ''हर-हर महादेव'' के नारे गूंजते रहे। झांकियों में रामदल, राधा-कृष्ण, हनुमान दल, लंका दहन, सुदामा चरित्र, मेघनाद वध, भरत मिलाप और शिव बरात शामिल थीं। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति और वेशभूषा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
घूरपुर पुलिस की नारी सशक्तीकरण संदेश देने वाली मिशन शक्ति झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी लोगों ने खूब सराहना की। पूरा घूरपुर बाजार बिजली की आकर्षक झालरों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। देर रात तक भारी भीड़ उमड़ी रही, जिसमें बच्चों और महिलाओं ने झूलों का आनंद लिया।
मेला समिति के स्वयंसेवक पूरी रात व्यवस्था में मुस्तैद रहे। माैैके पर श्रीश जायसवाल, संजीव जायसवाल, भारत जायसवाल और संतोष मोदनवाल आदि रहे।
घूरपूर के दशहरा मेले में उमड़ी भीड़