कुमायूं (111 पैदल वाहिनी) प्रादेशिक सेना की ओर से मंगलवार को न्यू कैंट में आयोजित सेना भर्ती मेले में अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। दौड़ सुबह पांच बजे शुरू होने थी लेकिन एक साथ पचास हजार अभ्यर्थियों के पहुंच जाने से मौके पर स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी। सेना ने मशक्कत के बाद अभ्यर्थियों को शांत कराया और सुबह सवा छह बजे दौड़ शुरू कराई।
भर्ती के पहले दिन 50 हजार अभ्यर्थियों में से 21 हजार 266 अभ्यर्थी ही दौड़ में शामिल हो सके। इनमें से 267 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। पहले दिन इलाहाबाद सहित प्रतापगढ़, कौशाम्बी, रायबरेली, सुल्तानपुर, बाराबंकी, आजमगढ़, मिर्जापुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, एटा और इटावा के अभ्यर्थी 38 पदों के लिए आयोजित भर्ती मेले में शामिल हुए। इनमें 28 पद सिपाही सामान्य ड्यूटी, आठ पद कुक, एक पद स्पेशल कुक और एक पद मेस वेटर का है। अभ्यर्थियों की संख्या इतनी अधिक थी कि दौड़ का सिलसिला दोपहर बार तक चलता रहा।
लू और भीषण गर्मी में कुछ अभ्यर्थी गश खाकर गिर पड़े लेकिन मौके पर ही उन्हें प्राथमिक उपचार मिल गया। समय पूरा हो जाने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी दौड़ में शामिल नहीं हो सके, जिन्हें बुधवार को मौका मिलेगा। भर्ती यूपी समेत सात राज्यों के लिए आयोजित की गई है। बुधवार को इसमें फैजाबाद, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, गाजियाबाद, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, शाहजहांपुर एवं अमेठी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 21 अप्रैल को बिहार, उड़ीसा, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ और 22 अप्रैल को उत्तराखंड एवं मध्य प्रदेश के अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा। 23 अप्रैल से अभ्यर्थियों का मेडिकल कराया जाएगा और डॉक्यूमेंट्स की जांच की गई जाएगी।