औद्योगिक क्षेत्र थाने से एक गैंगस्टर एक्ट का आरोपी पुलिस वालों को गच्चा देकर फरार हो गया। जिसके बाद से पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। औद्योगिक क्षेत्र के बेलवट गांव का रहने वाला दीपक कुमार बिंद पुत्र रामकिशुन बिंद शातिर अपराधी है। करीब दो साल पहले वह सड़वा पुलिस चौकी के समीप दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद में पुलिस वालों से भिड़ गया था।
दारोगा की वर्दी फाड़ दी थी और तमंचा लेकर दौड़ा लिया था। उस पर कई आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हुई है। शनिवार को पुलिस ने उसे पकड़ा था और औद्योगिक क्षेत्र थाने के लाकअप में रखा गया था। वहां रविवार की भोर में वह शौच के बहाने बाहर निकला और पुलिस वालों को गच्चा देकर फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार एसओजी टीम उसकी मुठभेड़ में गिरफ्तारी दिखाने की योजना में थी, जिसकी उसे भनक लग गई थी। उसी के बाद वह भाग निकला। उसकी फरारी को लेकर पुलिस को न कुछ उगलते बन रहा है और न निगलते बन रहा है। इंस्पेक्टर औद्योगिक क्षेत्र ने बताया कि उसे सिर्फ पूछताछ के लिए लाया गया था। सीओ करछना नृपेेंद्र ने बताया कि दीपक बिंद की फरारी के प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।