गंगानगर में खोए हुए मोबाइल किए गए वापस।
- फोटो : अमर उजाला।
गंगानगर के अलग-अलग थाना क्षेत्र से गुम हुए 101 मोबाइल फोन को पुलिस ने बरामद कर सोमवार को वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। मोबाइल की कीमत तकरीबन 31.42 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल मिलते ही सभी के चेहरे खिल उठे।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पिछले कई महीने से मोबाइल के गुम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस-सेल गंगानगर प्रभारी उप निरीक्षक सुखचैन तिवारी, हेड कांस्टेबल रबीश चंद्र यादव, अगंद गिरी आदि टीम ने मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए कॉल रिकाॅर्डस, सीसीटीवी, सीईआईआर पोर्टल और लोकेशन ट्रैकिंग का इस्तेमाल कर फोन का पता लगाया और फिर डाटा के साथ वास्तविक स्वामियों को मोबाइल फोन सुपुर्द कर दिया गया।
तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर दें जानकारी-डीसीपी
डीसीपी ने लोगों से अपील किया कि भविष्य में गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल रशीद, पहचान पत्र के साथ शिकायत दर्ज कराए। दस्तावेज अपलोड होने पर आपकी ओर से दिए गए मोबाइल नंबर पर रिक्वेस्ट नंबर मिलेगा। भविष्य में अगर किसी ने आपका मोबाइल फोन इस्तेमाल किया तो मैसेज के माध्यम से नोटिफिकेशन प्राप्त होगा। जिसे संबंधित थाने के माध्यम से रिकवर कर आपको सुपुर्द किया जाएगा।