एयरपोर्ट क्षेत्र के झलवा स्थित देवघाट के पास शनिवार सुबह फल व्यापारी विनोद सिंह को गोली मार दी गई। घटनास्थल से एक कारतूस बरामद हुआ है। आरोप है कि माफिया अतीक के गुर्गों ने जमीनी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गोली लगने से इन्कार किया है। पुलिस के रवैए से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने कौशाम्बी-प्रयागराज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे घंटों आवागमन प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, झलवा देवघाट क्षेत्र निवासी फल कारोबारी विनोद सुबह अपनी जमीन पर पहुंचे थे। तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन पर गोली चलाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एयरपोर्ट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विनोद को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
विनोद का आरोप है कि वह अपनी जमीन पर कब्जा लेने और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराने गए थे। घटना के बाद पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाते हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिजन और ग्रामीणों ने झलवा इलाके में चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
कमर के पास लगी गोली
घायल फल व्यापारी विनोद सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें कमर के पास गोली लगी है। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। एयरपोर्ट थाना कार्यकारी प्रभारी विजय पांडेय ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर गोली लगने की पुष्टि नहीं हो सकी है।
देर शाम दोबारा किया चक्काजाम
मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने देर शाम एक बार फिर चक्का जाम कर दिया। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आवागमन प्रभावित रहा। आरोप था कि दिन में हुए प्रदर्शन और शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद लोग दोबारा सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।