करनाईपुर। दोनैया मंडी में फलों के भाव में आई उछाल। संवाद
- फोटो : Videograb
नवरात्र शुरू होते ही फलों की मांग बढ़ने से कीमतों में उछाल आया है। केला, अनार, पपीता और संतरा महंगा होने से व्रत रखने वाले परिवारों का बजट बिगड़ रहा है।
बहरिया क्षेत्र के दोनैया चौराहे की मंडी में नवरात्र के दौरान फलों की खरीदारी बढ़ गई है। मांग बढ़ने के साथ कई फलों के दाम चढ़ गए हैं। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि मंडी में फलों की आवक पहले जैसी बनी हुई है। फल व्यापारी संतलाल ने बताया कि नवरात्र में हर साल फलों की मांग बढ़ती है।
इस बार भी मांग बढ़ने से कीमतों में इजाफा हुआ है। दुकानदार रमेश कुमार के मुताबिक, केला नवरात्र से पहले 30 रुपये दर्जन बिक रहा था, जो अब बढ़कर 50 से 60 रुपये दर्जन हो गया है। फलों के दाम बढ़ने से व्रत रखने वाले परिवारों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। संवाद
दोनैया चौराहे की मंडी का भाव
फल नवरात्र से पहले का भाव आज का भाव
केला 30 रुपये दर्जन 50 से 60 रुपये दर्जन
अनार 150 रुपये किलो 180 रुपये किलो
पपीता 60 रुपये किलो 80 रुपये किलो
संतरा 60 रुपये किलो 100 रुपये किलो
सेब 120 रुपये किलो 150 रुपये किलो