उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल का वाणिज्य विभाग प्रयागराज, कानपुर, टूंडला, मिर्जापुर, अलीगढ़, इटावा आदि स्टेशनों पर कार्यरत अपने फ्रंट लाइन स्टाफ को छह माह तक यात्रियों से विनम्र व्यवहार करने व शिकायत प्रबंधन की ट्रेनिंग देगा। यह ट्रेनिंग मंडल के सभी स्टेशनों पर होगी। इसके लिए मास्टर ट्रेनर के नाम की भी घोषणा कर दी गई है।
ट्रेन या स्टेशन पर कोई समस्या आती है तो यात्री टीटीई, आरपीएफ, ट्रेन मैनेजर, लोको पॉयलट, स्टेशन मास्टर, स्टेशन मैनेजर आदि के पास जाकर बताता है। उदाहरण के लिए यात्रा के दौरान शौचालय का गंदा होना, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट का काम न करना, एसी कोच में गंदे लिनेन, पंखे खराब होना आदि समस्याओं की शिकायत यात्री मौके पर तैनात टीटीई से करते हैं। अमूमन यात्रियों की शिकायत रहती है टीटीई उनसे ठीक तरीके से पेश नहीं आते। रेलवे अफसरों का कहना है कि अगर टीटीई या फ्रंट लाइन स्टाफ यात्रियों से विनम्र व्यवहार करेगा तो आधी समस्या का हल अपने आप ही निकल आएगा।
प्रयागराज मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर इस तरह की कार्यशाला सप्ताह में दो बार होगी। प्रयागराज मंडल के वाणिज्य विभाग के सात मास्टर ट्रेनरों की टीम नियुक्ति की गई है। इसमें राकेश श्रीवास्तव, प्रखर शर्मा, दिवाकर शुक्ला, नरेंद्र सिंह, आरबी साहू, मिथलेश कुमार व कमलेश कुमार हैं। राकेश टीम में समन्वय स्थापित करेंगे। सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय गौतम टीम की मॉनिटरिंग करेंगे।
मास्टर ट्रेनर चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को यात्रियों से विनम्र संवाद, समस्याओं को ठीक से सुनना-समझना व सहज भाव से उत्तर देना आदि सिखाएंगे। मंडल के सभी स्टेशनों पर यह कार्यशाला सप्ताह में दो बार होगी। यह प्रशिक्षण छह माह तक चलता रहेगा। - अमित सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल