अतीक गैंग का फहीम पहले भी रहा सह अभियुक्त
एक खास बात यह भी सामने आई है कि करेली निवासी जिस फहीम को दो दिन पहले दर्ज मुकदमे में अतीक गैंग का सदस्य बताया गया, वह पहले भी विधायक वाचस्पति के साथ सह अभियुक्त रह चुका है। 2018 में करेली थाने में अवैध प्लॉटिंग के आरोप में दर्ज केस में फहीम भी आरोपी रहा और विधायक संग उसके खिलाफ भी चार्जशीट लगाई गई।
जैद खालिद पर आठ केस, अतीक संग नामजद, मुकदमा भी दर्ज कराया
विधायक पर दर्ज मुकदमे में एक अन्य सह अभियुक्त जैद खालिद भी बेहद चर्चित नाम है। उस पर कुल आठ केस दर्ज हैं। वह अतीक अहमद के कुख्यात शूटर आबिद प्रधान का दामाद और दिसंबर 2017 में झलवा निवासी सूरजकली व उसके बेटे पर फायरिंग में अतीक संग नामजद भी हुआ। 2019 में उसने अतीक उसके गुर्गों पर देवरिया जेल में ले जाकर पिटाई करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। 2020 में उसका और अतीक का फोन पर बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ। इसमें अतीक उससे देवरिया जेल में पिटाई के बाबत बातचीत करता सुनाई पड़ रहा था। जैद पर अवैध प्लाॅटिंग करने के आरोप लगातार लगते रहे हैं और विकास प्राधिकरण की ओर से उसकी कई अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराने की कार्रवाई भी की गई है। मुकदमे का एक अन्य अभियुक्त जसीम उसका भाई है।