दारागंज स्थित एक होटल की फर्जी वेबसाइट बनाकर ग्राहकों से ठगी करने का मामला सामने आया है। होटल संचालक की शिकायत पर दारागंज थाना पुलिस ने अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की है।
दारागंज के मोरी निवासी अर्पित दुबे ने पुलिस को बताया कि वह न्यू होटल गंगा निवास के मालिक हैं। शातिरों ने उनके होटल के नाम से एक फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं समेत ग्राहकों से फर्जी बुकिंग कर रहे हैं। होटल में ग्राहकों के आने के बाद मामले की जानकारी हुई। इन ग्राहकों से बुकिंग के नाम पर रुपये भी ऐंठे गए।
संचालक ने बताया कि मामले की इससे पहले भी साइबर हेल्प लाइन पोर्टल पर शिकायत की गई थी। बावजूद इसके शातिरों का गैंग अभी तक सक्रिय है। फर्जी वेबसाइट के चंगुल में फंसकर लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं।शिकायत पर पुलिस वेबसाइट के यूआरएल के माध्यम से शातिरों की पहचान करने में जुट गई है।
बता दें कि महाकुंभ के दौरान भी होटलों की फर्जी वेबसाइट के माध्यम से ठगी के कई मामले सामने आए थे। हालांकि, बाद में पुलिस ने 200 से अधिक फर्जी वेबसाइटों को बंद करवाया था।