प्रयागराज। सिविल लाइंस निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट नीरज श्रीवास्तव से जमीन के नाम पर 88 लाख रुपये हड़प लिए गए। उन्होंने जार्जटाउन थाने में आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। लोहिया रोड निवासी नीरज ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सीएमपी कॉलेज के पास रहने वाले धर्मेंद्र पाल सिंह चौहान व भावना चौहान ने जमीन दिलाने व जमीन के व्यापार के नाम पर उनसे कई बार में 88 लाख रुपये हड़प लिए।
पिछले दिनों जब उन्होंने जमीन व रुपये के बारे में पूछा तो आरोपी ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। यह भी आरोप लगाया कि आरोपी दंपती कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर इसी तरह फर्जीवाड़ा कर रुपये लेते हैं और फिर उसे हड़प लेते हैं। जार्जटाउन पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
बैंककर्मी से रुपये की धोखाधड़ी में कंपनी मालिक समेत पांच नामजद
प्रयागराज। कैंट के अशोक नगर निवासी बैंककर्मी मायाशंकर प्रसाद ने रुपये की धोखाधड़ी में सिविल लाइंस थाने में साइन सिटी टाउनशिप कंपनी के मालिक समेत पांच लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, मऊ निवासी मायाशंकर प्रसाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने साइन सिटी ग्रुप कंपनी की दो अलग-अलग योजना में एक लाख रुपये लगाए।
कंपनी मालिक राशिद नसीम व उसके भाई आसिफ नसीम, नितिन जायसवाल, रत्नेश सिंह, रोहित शर्मा ने रकम दोगुनी करने के नाम पर उनसे दो बार में एक लाख रुपये लिए। लेकिन, समय बीत जाने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए। सिविल लाइंस पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।