शाहगंज निवासी युवक के माध्यम से ली रकम, तीन नामजद
फर्जी वीजा, टिकट भी थमाया, एयरपोर्ट जाने पर खुली पोल
प्रयागराज। दुबई भेजने के नाम पर 23 युवकों से कुल 19 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोप है कि खुल्दाबाद निवासी दो सगे भाइयों ने अपने एक साथी संग मिलकर रुपये लेने के बाद फर्जी वीजा, एयरटिकट व एग्रीमेंट पेपर भी दे दिया। युवकों के एयरपोर्ट पहुंचने पर सच्चाई सामने आई तो सभी के होश उड़ गए। शाहगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रिपोर्ट पत्थरगली शाहगंज निवासी वसीम अहमद की ओर से दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उसके दूर के रिश्तेदार फैसल खान व अब्दुल्ला खान निवासी बक्शीबाजार, खुल्दाबाद वीजा-पासपोर्ट बनाने का काम करते हैं। फैसल ने उससे कहा कि वह युवकों को दुबई/कतर में नौकरी लगवा सकता है। जिसके बाद बाद उसने अपनी ससुराल जौनपुर के 12 समेत कुल 23 लड़कों के वीजा व अन्य खर्चों समेत कुल 18.97 लाख रुपये दोनों भाइयों को दिए। इसमें एक लाख रुपये अपने मौसेेरे भाई शरजील खान के खाते में जमा कराए। आरोप है कि रकम पाने के बाद आरोपी ने फर्जी वीजा, फर्जी एग्रीमेंट व फर्जी एयर टिकट भी दिया। वीजा-टिकट लेकर एयरपोर्ट जाने पर युवकों के सामने सच्चाई आई। जानकारी के बाद रुपये वापस मांगने पर गालीगलौच करते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद शाहगंज पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद एसएसपी से गुहार लगाई गई। एसएसपी के आदेश पर शनिवार को तीन लोगों पर शाहगंज पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया। बताया कि जांच की जा रही है।