प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित केंद्र में दूसरे के स्थान पर कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट्स (सीसीसी) की परीक्षा देते चार युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि वह केंद्र मैनेजर व निदेशक के बुलाने पर परीक्षा में शामिल होने पहुंचे थे। चारों को थाने ले जाया गया जहां मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में केंद्र मैनेजर व निदेशक समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस स्थित हाईरेल कंप्यूटर सेंटर में रविवार को सीसीसी परीक्षा आयोजित थी। मुखबिर से से मिली सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो द्वितीय तल के दो कमरों में अभ्यर्थी परीक्षा देते मिले। टीम प्रथम तल पर बने कमरे में पहुंची तो वहां दो कंप्यूटर के सामने चार युवक बैठे मिले। दोनों कंप्यूटरों पर राहुल सिंह व सविता यादव की आईडी खुली थी लेकिन, उनकी जगह परीक्षा कोई और दे रहा था। पूछताछ में चारों युवकों ने अपना नाम मनोज कुमार सिंह निवासी राजरूपपुर, शिवम जायसवाल निवासी बाई का बाग, शिवानंद शर्मा निवासी स्टेनली रोड व विपिन गुप्ता निवासी कौशाम्बी बताया। साथ ही कहा कि वह केंद्र निदेशक आनंद सेठ व मैनेजर सतवंत सिंह के बुलाने पर दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। पुलिस ने तलाश की लेकिन, तब तक दोनों मौके से भाग चुके थे। जिसके बाद चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। यहां पुलिस की ओर से कुल आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। नामजद आरोपियों में केंद्र निदेशक व मैनेजर के अलावा दोनों मूल अभ्यर्थी भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश की जा रही है।
मैनेजर पर परीक्षार्थी ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
प्रयागराज। उधर हाईरेल कंप्यूटर सेंटर के मैनेजर सतवंत सिंह पर परीक्षार्थी सुरेंद्र सिंह ने भी धमकाने व अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सहसो निवासी सुरेंद्र का आरोप है कि दो फरवरी को वह सीसीसी परीक्षा देने पहुंचा था। तभी मैनेजर सतवंत ने नकल कराने के लिए उससे 1500 रुपये लिए। लेकिन कोई मदद नहीं की। साथ ही रुपये वापस मांगने पर धमकाते हुए भगा दिया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।