एसआरएन अस्पताल परिसर में चार साल पहले हुई दुष्कर्म की घटना के मामले में आरोपी शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। खास बात यह है कि दुष्कर्म पीड़िता युवती ने एक बच्चे को भी जन्म दिया और काफी दिनों तक आरोपी उसके साथ रहा भी। बाद में उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने केस दर्ज कराया।
पिछले दिनों एक युवती ने छत्तीसगढ़ में गोरखपुर के कैंपियरगंज निवासी दीपक चौहान के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में छत्तीसगढ़ पुलिस ने पाया कि घटनास्थल प्रयागराज है, ऐसे में विवेचना प्रयागराज ट्रांसफर कर दी गई। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पीड़िता का बयान दर्ज किया। इसमें उसने बताया कि चार साल पहले वह आरोपी के साथ एसआरएन अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में साथ मजदूरी करती थी। इसी दौरान दीपक ने उससे करीबी बढ़ाई और फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
इसके बाद दोनों साथ-साथ काम करते रहे और अलग-अलग कई शहरों से होते हुए नेपाल के काठमांडू तक गए। इसी दौरान युवती ने एक बच्चे को भी जन्म दिया जो अब चार साल का हो चुका है। युवती का आरोप है कि आरोपी शादी की बात पर बार-बार टालमटोल करता रहा और पिछले दिनों इन्कार कर दिया। इसके बाद ही उसने छत्तीसगढ़ में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी। कोतवाली प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसे तब पकड़ा गया, जब वह जीरो रोड बस अड्डे से कहीं भागने की फिराक में था।